Pages

Monday, October 14, 2013

जो तुम आ जाते एक बार



जो तुम आ जाते एक बार


कितनी करूणा कितने संदेश

पथ में बिछ जाते बन पराग
गाता प्राणों का तार तार
अनुराग भरा उन्माद राग

आँसू लेते वे पथ पखार
जो तुम आ जाते एक बार

हंस उठते पल में आर्द्र नयन
धुल जाता होठों से विषाद
छा जाता जीवन में बसंत
लुट जाता चिर संचित विराग

आँखें देतीं सर्वस्व वार
जो तुम आ जाते एक बार 


~ महादेवी वर्मा

Sunday, December 23, 2012

सिंघासन खाली करो की जनता आती हैं


सदियों की ठंडी बुझी राख सुगबुगा उठी,
मिट्टी सोने का ताज पहन इठलाती हैं,
दो राह, समय के रथ का घर्घर नाद सुनो,
सिंघासन खाली करो की जनता आती हैं ।

जनता? हाँ, मिट्टी की अबोध मुरते वही,
जाड़े-पाले की कसक सदा सहने वाली,
जब अंग अंग में लगे साँप हो चूस रहे,
तब भी न मुँह खोल दर्द कहने वाली ।

लेकिन, होता भूडोल, बवंडर उठते हैं,
जनता जब कोपकुल हो भृकुटी चढ़ती हैं,
दो राह, समय के रथ का घर्घर नाद सुनो,
सिंघासन खाली करो की जनता आती हैं ।

हुँकारों से महलों की नीव उखड जाती,
साँसों के बल से ताज हम में उड़ता हैं,
जनता की रोके राह समय में ताब कहाँ?
वह जिधर चाहती, काल उधर ही मुड़ता हैं ।

सबसे विरत जनतंत्र जगत का आ पहुँचा,
तैंतीस कोटि-हित सिंघासन तैयार करों,
अभिषेक आज रजा का नहीं, प्रजा का हैं,
तैंतीस कोटि जनता के सिर पर मुकुट धरो ।

आरती लिए तू किसे ढूंढ़ता हैं मुरख,
मंदिरों, राजप्रासादों में, तहखानों में
देवता कही सड़कों पर मिट्टी तोंड रहे,
देवता मिलेंगे खेतों में खलिहानों में ।

फावड़े और हल राजदंड बनाने को हैं,
धूसरता सोने से शृंगार सजाती हैं,
दो राह, समय के रथ का घर्घर नाद सुनो,
सिंघासन खाली करो की जनता आती हैं ।

- रामधारी सिंह "दिनकर"

Monday, September 10, 2012

औरतें

कुछ औरतें अपनी इच्छा से
कुँए में कूद कर जान दी थी
ऐसा
पुलिस के रेकार्डो में दर्ज है
और कुछ औरतें
अपनी इच्छा से चिता में जल कर मरी थी
ऐसा धरम की किताबों में लिखा है
मैं कवि हूँ
कहता हूँ
क्या जल्दी है
मैं एक दिन पुलिस और पुरोहित दोनों को
एक ही साथ औरतो की
अदालत में तलब कर दूंगा
और
बीच की सारी अदालतों को मंसूह कर दूंगा
मैं उन दावों को भी मंसूह कर दूंगा
जिन्हें श्रीमानों ने औरतो
और बच्चों के खिलाफ पेश किये हैं
मैं उन डिक्रियों को निरस्त कर दूंगा जिन्हें लेकर फौजें और कुनबा चलते हैं
मैं उन वसीयतों को खारिज कर दूंगा
जिन्हें दुर्बल ने भुजबल के नाम किये हैं
मैं उन औरतो को
जो अपनी मर्जी से कुएं में कूद कर
और
चिता में जल कर मरी हैं
फिर से जिंदा कर दूंगा
और उनके बयानों को दोबारा
कलमबंद करूँगा
कि कहीं कुछ छूट तो नहीं गया
कि कहीं कोई भूल तो नहीं हुई
कि कहीं कोई चूक तो नहीं हो गयी
क्योंकि
मैं उस औरत के बारे में जानता हूँ
जो अपने एक बित्ते के आँगन में
अपने सात बित्ते की देह को
ताजिंदगी समोए रही
और कभी भूलकर भी
बाहर की तरफ झाँका नहीं
और जब बाहर निकली
तो औरत नहीं
उसकी लाश निकली
जो खुल्ले में पसर गयी है
मामेदिनी की तरह
एक औरत की लाश
धरती माता की तरह होती है दोस्तों
जो खुल्ले में पसर जाती है
थानों से लेकर अदालतों तक
मैं देख रहा हूँ की जुर्म के सारे सबूतों को मिटाया जा रहा है
चन्दन चर्चित मस्तक को उठाये हुए पुरोहित
और तम्बू से लैश सीनों को फुलाये हुए सिपाही
महाराज की जय बोल रहे हैं
वे महाराज जो मर चुके हैं
और महारानियाँ सती होने की तैयारियां कर रही हैं
और जब महारानियाँ नहीं रहेंगी तो नौकरानियां क्या करेंगी?
इसीलिए वे भी तैयारियां कर रही हैं
मुझे महारानियो से ज्यादा चिंता नौकरानियों की होती है
जिनके पति अभी जिंदा हैं
और, बेचारे रो रहे हैं
कितना ख़राब लगता है
एक औरत को अपने रोते हुए पति को छोड़कर मरना
जबकि मर्दों को रोती हुई औरतों को मारना भी ख़राब नहीं लगता
औरतें रोती जाती हैं, मरद मारते जाते हैं
औरते और जोर से रोती हैं, मरद और जोर से मारते हैं
औरतें खूब जोर से रोती है,
मरद इतने जोर से मारते हैं कि वो मर जाती हैं!
इतिहास में वो पहली औरत कौन थी
जिसे सबसे पहले जलाया गया
मैं नहीं जानता
लेकिन जो भी रही होगी मेरी माँ रही होगी
लेकिन मेरी चिंता है
कि भविष्य में वह आखिरी औरत कौन होगी
जिसे सब से अंत में जलाया जायेगा
मैं नहीं जानता
लेकिन जो भी होगी मेरी बेटी होगी
और मैं ये नहीं होने दूंगा!

- विद्रोही जी 

Monday, May 28, 2012

क्या पूजन क्या अर्चन रे!

 
क्या पूजन क्या अर्चन रे!
उस असीम का सुंदर मंदिर
मेरा लघुतम जीवन रे!
मेरी श्वासें करती रहतीं
नित प्रिय का अभिनंदन रे!
पद रज को धोने उमड़े
आते लोचन में जल कण रे!
अक्षत पुलकित रोम मधुर
मेरी पीड़ा का चंदन रे!
स्नेह भरा जलता है झिलमिल
मेरा यह दीपक मन रे!
मेरे दृग के तारक में
नव उत्पल का उन्मीलन रे!
धूप बने उड़ते जाते हैं
प्रतिपल मेरे स्पंदन रे
प्रिय प्रिय जपते अधर ताल
देता पलकों का नर्तन रे!
- महादेवी वर्मा

Saturday, December 17, 2011

आई में आ गए



सीधी नजर हुयी तो सीट पर बिठा गए।
टेढी हुयी तो कान पकड कर उठा गये।

सुन कर रिजल्ट गिर पडे दौरा पडा दिल का।
डाक्टर इलेक्शन का रियेक्शन बता गये ।

अन्दर से हंस रहे है विरोधी की मौत पर।
ऊपर से ग्लीसरीन के आंसू बहा गये ।

भूंखो के पेट देखकर नेताजी रो पडे ।
पार्टी में बीस खस्ता कचौडी उडा गये ।

जब देखा अपने दल में कोई दम नही रहा ।
मारी छलांग खाई से “आई“ में आ गये ।

करते रहो आलोचना देते रहो गाली
मंत्री की कुर्सी मिल गई गंगा नहा गए ।

काका ने पूछा 'साहब ये लेडी कौन है'
थी प्रेमिका मगर उसे सिस्टर बता गए।।

- काका हाथरसी




Sunday, July 10, 2011

खिलौना



' मैं तो वही खिलौना लूँगा '
मचल गया दीना का लाल -
' खेल रहा था जिसको लेकर
राजकुमार उछाल - उछाल | '

व्यथित हो उठी माँ बेचारी -
' था सुवर्ण - निर्मित वह तो !
खेल इसीसे लाल - नहीं है
राजा के घर भी यह तो ! '

राजा के घर ! नहीं नहीं माँ
तू मुझको बहकाती है ,
इस मिट्टी से खेलेगा क्यों
राजपुत्र तू ही कह तो | '

फेंक दिया मिट्टी में उसने
मिट्टी का गुड्डा तत्काल ,
' मैं तो वही खिलौना लूँगा ' --
मचल गया दीना का लाल |

' मैं तो वही खिलौना लूँगा '
मचल गया शिशु राजकुमार , -
वह बालक पुचकार रहा था
पथ में जिसको बारबार |

' वह तो मिट्टी का ही होगा ,
खेलो तुम तो सोने से | '
दौड़ पड़े सब दास - दासियाँ
राजपुत्र के रोने से |

' मिट्टी का हो या सोने का ,
इनमें वैसा एक नहीं ,
खेल रहा था उछल - उछल कर
वह तो उसी खिलौने से | '

राजहठी ने फेंक दिए सब
अपने रजत - हेम - उपहार ,
' लूँगा वही , वही लूँगा मैं | '
मचल गया वह राजकुमार |

- सियारामशरण गुप्त


Saturday, July 2, 2011

एक बूँद



ज्यों निकल कर बादलों की गोद से
थी अभी एक बूँद कुछ आगे बढ़ी
सोचने फिर-फिर यही जी में लगी,
आह ! क्यों घर छोड़कर मैं यों कढ़ी ?

देव मेरे भाग्य में क्या है बदा,
मैं बचूँगी या मिलूँगी धूल में ?
या जलूँगी फिर अंगारे पर किसी,
चू पडूँगी या कमल के फूल में ?

बह गयी उस काल एक ऐसी हवा
वह समुन्दर ओर आई अनमनी
एक सुन्दर सीप का मुँह था खुला
वह उसी में जा पड़ी मोती बनी ।

लोग यों ही हैं झिझकते, सोचते
जबकि उनको छोड़ना पड़ता है घर
किन्तु घर का छोड़ना अक्सर उन्हें
बूँद लौं कुछ और ही देता है कर ।

- अयोध्या सिंह उपाध्याय ‘हरिऔध’


Sunday, June 12, 2011

है अँधेरी रात पर दीवा जलाना कब मना है


कल्पना के हाथ से कमनीय जो मंदिर बना था
भावना के हाथ ने जिसमें वितानों को तना था
स्वप्न ने अपने करों से था जिसे रुचि से सँवारा
स्वर्ग के दुष्प्राप्य रंगों से, रसों से जो सना था
ढह गया वह तो जुटाकर ईंट, पत्थर, कंकड़ों को
एक अपनी शांति की कुटिया बनाना कब मना है
है अँधेरी रात पर दीवा जलाना कब मना है
बादलों के अश्रु से धोया गया नभ-नील नीलम
का बनाया था गया मधुपात्र मनमोहक, मनोरम
प्रथम ऊषा की किरण की लालिमा-सी लाल मदिरा
थी उसी में चमचमाती नव घनों में चंचला सम
वह अगर टूटा मिलाकर हाथ की दोनों हथेली
एक निर्मल स्रोत से तृष्णा बुझाना कब मना है
है अँधेरी रात पर दीवा जलाना कब मना है
क्या घड़ी थी, एक भी चिंता नहीं थी पास आई
कालिमा तो दूर, छाया भी पलक पर थी न छाई
आँख से मस्ती झपकती, बात से मस्ती टपकती
थी हँसी ऐसी जिसे सुन बादलों ने शर्म खाई
वह गई तो ले गई उल्लास के आधार, माना
पर अथिरता पर समय की मुसकराना कब मना है
है अँधेरी रात पर दीवा जलाना कब मना है
हाय, वे उन्माद के झोंके कि जिनमें राग जागा
वैभवों से फेर आँखें गान का वरदान माँगा
एक अंतर से ध्वनित हों दूसरे में जो निरंतर
भर दिया अंबर-अवनि को मत्तता के गीत गा-गा
अंत उनका हो गया तो मन बहलने के लिए ही
ले अधूरी पंक्ति कोई गुनगुनाना कब मना है
है अँधेरी रात पर दीवा जलाना कब मना है
हाय, वे साथी कि चुंबक लौह-से जो पास आए
पास क्या आए, हृदय के बीच ही गोया समाए
दिन कटे ऐसे कि कोई तार वीणा के मिलाकर
एक मीठा और प्यारा ज़िन्दगी का गीत गाए
वे गए तो सोचकर यह लौटने वाले नहीं वे
खोज मन का मीत कोई लौ लगाना कब मना है
है अँधेरी रात पर दीवा जलाना कब मना है
क्या हवाएँ थीं कि उजड़ा प्यार का वह आशियाना
कुछ न आया काम तेरा शोर करना, गुल मचाना
नाश की उन शक्तियों के साथ चलता ज़ोर किसका
किंतु ऐ निर्माण के प्रतिनिधि, तुझे होगा बताना
जो बसे हैं वे उजड़ते हैं प्रकृति के जड़ नियम से
पर किसी उजड़े हुए को फिर बसाना कब मना है
है अँधेरी रात पर दीवा जलाना कब मना है

- हरिवंशराय बच्चन

Friday, May 27, 2011

कारवाँ गुज़र गया , गुबार देखते रहे |

स्वप्न - झरे फूल से,
मीत चुभे शूल से,
लुट गए सिंगार सभी बाग़ के बबूल से ;
और हम खड़े-खड़े बहार देखते रहे ,
कारवाँ गुज़र गया , गुबार देखते रहे |

नींद भी खुली न थी की हाय धूप ढल गई
पाँव जब तलक उठें की जिंदगी फिसल गई
पात - पात झर गये कि शाख - शाख जल गई,
चाह तो निकल सकी न पर उमर निकल गई ,

गीत अश्क बन गए,
छन्द हो दफ़न गए,
साथ के सभी दिये धुआँ - धुआँ पहन गये
और हम झुके - झुके ,
मोड़ पर रुके - रुके
उम्र के चढ़ाव का उतार देखते रहे
कारवाँ गुज़र गया , गुबार देखते रहे |


क्या शबाब था कि फूल फूल प्यार कर उठा ,
क्या सुरूप था कि आईना देख सिहर उठा ,
इस तरफ जमीन और आसमाँ उधर उठा ,
थाम कर जिगर उठा कि जो मिला नज़र उठा ,
एक दिन मगर यहाँ ,
ऐसी कुछ हवा चली ,
लुट गई कलि कलि कि घुट गई गली - गली , और हम लुटे - लुटे
वक्त से पिटे - पिटे
साँस कि  शराब का खुमार देखते रहे,
कारवाँ गुज़र गया , गुबार देखते रहे |

हाथ थे मिले कि जुल्फ चाँद कि सँवार दूँ ,
होठ थे खुले कि हर बहार को पुकार दूँ ,
दर्द था दिया कि हर दुखी को प्यार दूँ ,
और सांस यूँ कि स्वर्ग भूमि पर उतार दूँ ,
हो सका न कुछ मगर,
शाम बन गई सहर ,
वह उठी लहर कि ढह गये किले बिखर - बिखर,
और हम डरे - डरे ,
नीर नयन में भरे ,
ओढ़कर कफ़न पड़े मजार देखते रहे,
कारवाँ गुज़र गया , गुबार देखते रहे |

मांग भर चली कि एक जब नई - नई किरन ,
ढोलके धुनक उठीं , ठुमक उठे चरन - चरन ,
शोर मच गया कि लो चली दुल्हन , चली दुल्हन
गाँव सब उमड़ पड़ा , बहक उठे नयन - नयन 
पर तभी जहर भरी,
गाज एक वह गिरी , 
पुंछ गया सिंदूर , तार - तार हुई चूनरी ,
और हम अजान से , 
दूर के एक मकान - से,
पालकी लिए हुए , कहार देखते रहे |
कारवाँ गुज़र गया , गुबार देखते रहे ||

- नीरज 


Saturday, May 7, 2011

पुष्प की अभिलाषा


चाह नहीं मैं सुरबाला के
गहनों में गूँथा जाऊँ,
चाह नहीं प्रेमी-माला में
बिंध प्यारी को ललचाऊँ,
चाह नहीं, सम्राटों के शव
पर, हे हरि, डाला जाऊँ
चाह नहीं, देवों के शिर पर,
चढ़ूँ भाग्य पर इठलाऊँ!
मुझे तोड़ लेना वनमाली!
उस पथ पर देना तुम फेंक,
मातृभूमि पर शीश चढ़ाने
जिस पथ जावें वीर अनेक।


Monday, May 2, 2011

एके कोखी बेटा जन्मे एके कोखी बेटिया


एके कोखी बेटा जन्मे एके कोखी बेटिया
दू रंग नीतिया
काहे कईल हो बाबू जी
दू रंग नीतिया

बेटा के जनम में त सोहर गवईल अरे सोहर गवईल
हमार बेरिया, काहे मातम मनईल हमार बेरिया

दू रंग नीतिया
काहे कईल हो बाबू जी
दू रंग नीतिया

बेटा के खेलाबेला त मोटर मंगईल अरे मोटर मंगईल
हमार बेरिया, काहे सुपली मऊनीया हमार बेरिया

दू रंग नीतिया
काहे कईल हो बाबू जी
दू रंग नीतिया

बेटा के पढ़ाबेला स्कूलिया पठईल अरे स्कूलिया पठईल
हमार बेरिया, काहे चूल्हा फूँकवईल हमार बेरिया

दू रंग नीतिया
काहे कईल हो बाबू जी
दू रंग नीतिया

बेटा के बिआह में त पगड़ी पहिरल अरे पगड़ी पहिरल
हमार बेरिया, काहे पगड़ी उतारल हमार बेरिया

दू रंग नीतिया
काहे कईल हो बाबू जी
दू रंग नीतिया

एके कोखी बेटा जन्मे एके कोखी बेटिया
दू रंग नीतिया
काहे कईल हो बाबू जी दू रंग नीतिया

- अज्ञात  

शब्दार्थ:
  1. कोखी - कोख से पैदा
  2. दू रंग नीतिया - दुरंगी नीति
  3. काहे कईल - क्यों किया
  4. सोहर गवईल - सोहर गीत गवाए
  5. हमार बेरिया -  हमारी बारी में
  6. खेलाबेला - खेलने के लिए
  7. सुपली मऊनीया - सूप और डलिया
  8. पढ़ाबेला - पढ़ाने के लिए
  9. स्कूलिया पठईल - स्कूल भेजा
  10. पगड़ी पहिरल - पगड़ी पहनी
  11. पगड़ी उतारल - पगड़ी उतारी


Saturday, April 30, 2011

ठुकरा दो या प्यार करो


देव! तुम्हारे कई उपासक कई ढंग से आते हैं
सेवा में बहुमूल्य भेंट वे कई रंग की लाते हैं

धूमधाम से साज-बाज से वे मंदिर में आते हैं
मुक्तामणि बहुमुल्य वस्तुऐं लाकर तुम्हें चढ़ाते हैं

मैं ही हूँ गरीबिनी ऐसी जो कुछ साथ नहीं लायी
फिर भी साहस कर मंदिर में पूजा करने चली आयी

धूप-दीप-नैवेद्य नहीं है झांकी का श्रृंगार नहीं
हाय! गले में पहनाने को फूलों का भी हार नहीं

कैसे करूँ कीर्तन, मेरे स्वर में है माधुर्य नहीं
मन का भाव प्रकट करने को वाणी में चातुर्य नहीं

नहीं दान है, नहीं दक्षिणा खाली हाथ चली आयी
पूजा की विधि नहीं जानती, फिर भी नाथ चली आयी

पूजा और पुजापा प्रभुवर इसी पुजारिन को समझो
दान-दक्षिणा और निछावर इसी भिखारिन को समझो

मैं उनमत्त प्रेम की प्यासी हृदय दिखाने आयी हूँ
जो कुछ है, वह यही पास है, इसे चढ़ाने आयी हूँ

चरणों पर अर्पित है, इसको चाहो तो स्वीकार करो
यह तो वस्तु तुम्हारी ही है ठुकरा दो या प्यार करो


Thursday, April 28, 2011

मैंने आहुति बन कर देखा


मैं कब कहता हूँ जग मेरी दुर्धर गति के अनुकूल बने,
मैं कब कहता हूँ जीवन-मरू नंदन-कानन का फूल बने ?
काँटा कठोर है, तीखा है, उसमें उसकी मर्यादा है,
मैं कब कहता हूँ वह घटकर प्रांतर का ओछा फूल बने ?

मैं कब कहता हूँ मुझे युद्ध में कहीं न तीखी चोट मिले ?
मैं कब कहता हूँ प्यार करूँ तो मुझे प्राप्ति की ओट मिले ?
मैं कब कहता हूँ विजय करूँ मेरा ऊँचा प्रासाद बने ?
या पात्र जगत की श्रद्धा की मेरी धुंधली-सी याद बने ?

पथ मेरा रहे प्रशस्त सदा क्यों विकल करे यह चाह मुझे ?
नेतृत्व न मेरा छिन जावे क्यों इसकी हो परवाह मुझे ?
मैं प्रस्तुत हूँ चाहे मेरी मिट्टी जनपद की धूल बने-
फिर उस धूली का कण-कण भी मेरा गति-रोधक शूल बने !

अपने जीवन का रस देकर जिसको यत्नों से पाला है-
क्या वह केवल अवसाद-मलिन झरते आँसू की माला है ?
वे रोगी होंगे प्रेम जिन्हें अनुभव-रस का कटु प्याला है-
वे मुर्दे होंगे प्रेम जिन्हें सम्मोहन कारी हाला है

मैंने विदग्ध हो जान लिया, अन्तिम रहस्य पहचान लिया-
मैंने आहुति बन कर देखा यह प्रेम यज्ञ की ज्वाला है !
मैं कहता हूँ, मैं बढ़ता हूँ, मैं नभ की चोटी चढ़ता हूँ
कुचला जाकर भी धूली-सा आंधी सा और उमड़ता हूँ

मेरा जीवन ललकार बने, असफलता ही असि-धार बने
इस निर्मम रण में पग-पग का रुकना ही मेरा वार बने !
भव सारा तुझपर है स्वाहा सब कुछ तप कर अंगार बने-
तेरी पुकार सा दुर्निवार मेरा यह नीरव प्यार बने

-सच्चिदानंद हीरानंद वात्स्यायन "अज्ञेय"


Wednesday, April 27, 2011

अधिकार


वे मुस्काते फूल, नहीं
जिनको आता है मुर्झाना,
वे तारों के दीप, नहीं
जिनको भाता है बुझ जाना;

वे नीलम के मेघ, नहीं
जिनको है घुल जाने की चाह
वह अनन्त रितुराज,नहीं
जिसने देखी जाने की राह|

वे सूने से नयन,नहीं
जिनमें बनते आंसू मोती,
वह प्राणों की सेज,नही
जिसमें बेसुध पीड़ा सोती;


ऎसा तेरा लोक, वेदना
नहीं,नहीं जिसमें अवसाद,
जलना जाना नहीं, नहीं
जिसने जाना मिटने का स्वाद!

क्या अमरों का लोक मिलेगा
तेरी करुणा का उपहार?
रहने दो हे देव! अरे
यह मेरा मिटने का अधिकार!

-महादेवी वर्मा


आ: धरती कितना देती है


मैने छुटपन मे छिपकर पैसे बोये थे
सोचा था पैसों के प्यारे पेड़ उगेंगे ,
रुपयों की कलदार मधुर फसलें खनकेंगी ,
और, फूल फलकर मै मोटा सेठ बनूगा !
पर बन्जर धरती में एक न अंकुर फूटा ,
बन्ध्या मिट्टी ने एक भी पैसा उगला ।
सपने जाने कहां मिटे , कब धूल हो गये ।

मै हताश हो , बाट जोहता रहा दिनो तक ,
बाल कल्पना के अपलक पांवड़े बिछाकर ।
मै अबोध था, मैने गलत बीज बोये थे ,
ममता को रोपा था , तृष्णा को सींचा था ।

अर्धशती हहराती निकल गयी है तबसे ।
कितने ही मधु पतझर बीत गये अनजाने
ग्रीष्म तपे , वर्षा झूलीं , शरदें मुसकाई
सी-सी कर हेमन्त कँपे, तरु झरे ,खिले वन ।

औ' जब फिर से गाढी ऊदी लालसा लिये
गहरे कजरारे बादल बरसे धरती पर
मैने कौतूहलवश आँगन के कोने की
गीली तह को यों ही उँगली से सहलाकर
बीज सेम के दबा दिए मिट्टी के नीचे ।
भू के अन्चल मे मणि माणिक बाँध दिए हों ।

मै फिर भूल गया था छोटी से घटना को
और बात भी क्या थी याद जिसे रखता मन ।
किन्तु एक दिन , जब मै सन्ध्या को आँगन मे
टहल रहा था- तब सह्सा मैने जो देखा ,
उससे हर्ष विमूढ़ हो उठा मै विस्मय से ।

देखा आँगन के कोने मे कई नवागत
छोटी छोटी छाता ताने खडे हुए है ।
छाता कहूँ कि विजय पताकाएँ जीवन की;
या हथेलियाँ खोले थे वे नन्हीं ,प्यारी -
जो भी हो , वे हरे हरे उल्लास से भरे
पंख मारकर उडने को उत्सुक लगते थे
डिम्ब तोडकर निकले चिडियों के बच्चे से ।

निर्निमेष , क्षण भर मै उनको रहा देखता-
सहसा मुझे स्मरण हो आया कुछ दिन पहले ,
बीज सेम के रोपे थे मैने आँगन मे
और उन्ही से बौने पौधौं की यह पलटन
मेरी आँखो के सम्मुख अब खडी गर्व से ,
नन्हे नाटे पैर पटक , बढ़ती जाती है ।

तबसे उनको रहा देखता धीरे धीरे
अनगिनती पत्तो से लद भर गयी झाडियाँ
हरे भरे टँग गये कई मखमली चन्दोवे
बेलें फैल गई बल खा , आँगन मे लहरा
और सहारा लेकर बाड़े की टट्टी का
हरे हरे सौ झरने फूट ऊपर को
मै अवाक रह गया वंश कैसे बढता है

यह धरती कितना देती है । धरती माता
कितना देती है अपने प्यारे पुत्रो को
नहीं समझ पाया था मै उसके महत्व को
बचपन मे , छि: स्वार्थ लोभवश पैसे बोकर

रत्न प्रसविनि है वसुधा , अब समझ सका हूँ ।
इसमे सच्ची समता के दाने बोने है
इसमे जन की क्षमता के दाने बोने है
इसमे मानव ममता के दाने बोने है
जिससे उगल सके फिर धूल सुनहली फसले
मानवता की - जीवन क्ष्रम से हँसे दिशाएं
हम जैसा बोएँगे वैसा ही पाएँगे ।
- सुमित्रानंदन पंत



Sunday, April 24, 2011

घर - 5


घर
मेरा कोई है नहीं
घर मुझे चाहिए
घर के भीतर प्रकाश हो
इसकी भी मुझे चिंता नहीं है
प्रकाश के घेरे के भीतर मेरा घर हो
इसी की मुझे तलाश है
ऐसा कोई घर आपने देखा है ?
देखा हो
तो मुझे भी उसका पता दें
न देखा हो
तो मैं आपको भी
सहानुभूति तो दे ही सकता हूँ
मानव होकर भी हम-आप
अब ऐसे घरों में नहीं रह सकते
जो प्रकाश के घेरे में हैं
पर हम
बेघरों की परस्पर हमदर्दी के
घेरे में तो रह ही सकते हैं


घर - 4



घर
हैं कहाँ जिनकी हम बात करते हैं
घर की बातें 
सबकी अपनी हैं
घर की बातें
कोई किसी से नहीं करता
जिनकी बातें होती हैं
वे घर नहीं हैं

-सच्चिदानंद हीरानंद वात्स्यायन "अज्ञेय"


घर - 3



दूसरों के घर
भीतर की ओर खुलते हैं
रहस्यों की ओर
जिन रहस्यों को वे खोलते नहीं 
शहरों में होते हैं
दूसरों के घर दूसरे के घरों में
दूसरों के घर
दूसरों के घर हैं

- सच्चिदानंद हीरानंद वात्स्यायन "अज्ञेय"


Saturday, April 23, 2011

घर - 2


तुम्हारा घर
वहाँ है
जहाँ सड़क समाप्त होती है
पर मुझे जब
सड़क पर चलते ही जाना है
तब वह समाप्त कहाँ होती है ?
तुम्हारा घर....

- सच्चिदानंद हीरानंद वात्स्यायन "अज्ञेय"




घर - 1


मेरा घर
दो दरवाज़ों को जोड़ता एक घेरा है
मेरा घर
दो दरवाज़ों के बीच है
उसमें किधर से भी झाँको
तुम दरवाज़े से बाहर देख रहे होगे
तुम्हें पार का दृश्य दीख जाएगा
घर नहीं दीखेगा

- सच्चिदानंद हीरानंद वात्स्यायन "अज्ञेय"